शनिवार, 4 अप्रैल 2026

मोड़

साथ चलते चलते अक्सर किसी मोड़ पर ही लोग साथ छोड़ते हैं। मोड़ पर पीछे मुड़ कर देखने पर वह दिखता जो नही है। सीधे रास्तों पर अलग हुए तो बहुत दूर तलक तक वो दिखता रहता है और फिर मुंह मोड़ना आसान नही होता है शायद।


राहें बदलनी हो, बस मोड़ आने दो,

मुड़ कर न देखो, उन्हें बस दूर जाने दो।


#मोड़ज़िन्दगीके

शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026

प्यार

बिना बात के 

बात नहीं करना चाहिए , 

प्यार हो जाता है । 

अनुशासन

 गुस्सा स्वयं को अनुशासित करता है। 

प्यार अनुशासन में रियायत की गुहार करता है। 

अनुशासन प्यार को कच्ची मौत देता है।


मैं अनुशासन तोड़ना चाहता हूँ।

पुल

 पुल इतना सहज हो कि 

सड़क सा लगने लगे तब नदी हाशिये पर चली जाती है।


"मोहब्बत जब इतनी सादगी से हो कि 

विसाले यार की तलब न हो तब दुनिया हाशिये पर चली जाती है।"

गुरुवार, 26 मार्च 2026

रात कोई एक

 कुछ सवेरे , कुछ शाम ,कुछ रातें संजोने लायक होती हैं । इन्हें यूं ही नहीं खर्च कर देना चाहिए । इनके कुछ टुकडों के सहारे पूरी ज़िन्दगी बिताई जा सकती है । कभी कभी रात भी रात भर इसलिए जागती है कि कहीं ऐसा न हो कि सवेरा हो जाये और रात सोती ही रह जाये । रात के ख्वाब में सुबह की ख्वाहिश कुछ ऐसी ही थी शायद । सवेरे का एक टुकड़ा ऐसा ही है आज और चिड़ियों की चहचहाहट भी मानो यही कह रही ।

बिंदी

 बगैर आईना देखे तुम 

जब दो अंगुलियां नाक पे टिका 

माथे के एकदम बीचों बीच बिंदी लगाती हो 

तो तुम्हारे इस श्रृंगार कौशल के आगे मुझे अपना 

त्रिकोणमिति और ज्यामिति का ज्ञान व्यर्थ लगता है ।

ज़िंदगी

 ज़िन्दगी महसूस करना हो जब कभी तो तितली के खुलते बन्द होते पंख देखना, बुलबुल की आवाज़ आंखे मूंद कर सुनना, नदी किनारे मछलियों को आटे की गोली देकर उनके खुलते बन्द होते मुंह को निहारना, छोटे अबोध बच्चे की मासूम मुस्कुराहट को देखना, रिक्शे वाले को कभी तय  किराए से कुछ रुपये ज्यादा देकर उसकी आँखों की चमक देखना और कभी आईने में अपनी आंखों को एकटक अपलक देखना, ज़िन्दगी ही ज़िन्दगी दिखाई पड़ेगी। ☺☺


#ज़िन्दगी