शनिवार, 24 सितंबर 2022

पासपोर्ट

 माँ जब स्वेटर बुनती है तब बीच बीच मे बालिश्त से स्वेटर की लंबाई नापती रहती है। दरअसल उस समय वो मन ही मन अपने बच्चे की ऊंचाई अन्दाजती रहती है।


इतना नाप जोख कर बनाया स्वेटर भी पता नही कैसे छोटा होता जाता है या बच्चे ही मन ही मन माँ के अंदाजे हुए कद से बहुत ऊंचे हो जाते हैं।


"Visa अक्सर passport से कद में ऊंचा ही होता है।"

शुक्रवार, 23 सितंबर 2022

खोखला व्यक्ति

 किसी खाली बर्तन,बाल्टी, घड़ा,गगरी,सुराही इत्यादि में पानी भरो तो जैसे जैसे पानी पूरा भरता जाता है ,उस पात्र की आवाज़ बदलती जाती है।

खाली पात्र की आवाज़ कर्कश निकलती है और ज्यों ज्यों वह भरता जाता है ,उसकी आवाज़ गम्भीर और वजनदार होती जाती है।

मनुष्य की भी यही प्रकृति और पहचान होती है। किसी व्यक्ति को जितना कम ज्ञान होता है, उस व्यक्ति की आवाज़ उतनी ही तेज और तीखी होती है। ज्यों ज्यों ज्ञान बढ़ता जाता है वह व्यक्ति शांत और गम्भीर रह कर बात करता है।

मंगलवार, 20 सितंबर 2022

हॉर्स पावर

 B.H.P. बनाम H.P.


किसी मशीन/ इंजन की क्षमता हॉर्स पावर में नापी जाती है पर सामान्यतः उस की क्षमता ब्रेक हॉर्स पावर या बीएचपी में लिखी होती है। आम लोगों को भ्रम होता यह बीएचपी क्या है।

मशीन/ मोटर/ इंजन की क्षमता का पूरा उपयोग कार्य मे नही हो पाता। उसकी कुछ क्षमता की हानि पावर ट्रांसफर होने में हो जाती है। यानी मशीन वास्तविक क्षमता से कम क्षमता पर चल पाती है। यदि उस मशीन या मोटर को रोकना हो तो रोकने के लिए वही कम वाली क्षमता का प्रयोग करना पड़ेगा। यानी ब्रेक लगाने के लिए जो हॉर्स पावर लगानी पड़ेगी उतनी ही हॉर्स पावर का वास्तव में उपयोग हो पाता है। 

इसी को ब्रेक हॉर्स पावर या BHP कहते हैं।