शुक्रवार, 23 सितंबर 2022

खोखला व्यक्ति

 किसी खाली बर्तन,बाल्टी, घड़ा,गगरी,सुराही इत्यादि में पानी भरो तो जैसे जैसे पानी पूरा भरता जाता है ,उस पात्र की आवाज़ बदलती जाती है।

खाली पात्र की आवाज़ कर्कश निकलती है और ज्यों ज्यों वह भरता जाता है ,उसकी आवाज़ गम्भीर और वजनदार होती जाती है।

मनुष्य की भी यही प्रकृति और पहचान होती है। किसी व्यक्ति को जितना कम ज्ञान होता है, उस व्यक्ति की आवाज़ उतनी ही तेज और तीखी होती है। ज्यों ज्यों ज्ञान बढ़ता जाता है वह व्यक्ति शांत और गम्भीर रह कर बात करता है।

मंगलवार, 20 सितंबर 2022

हॉर्स पावर

 B.H.P. बनाम H.P.


किसी मशीन/ इंजन की क्षमता हॉर्स पावर में नापी जाती है पर सामान्यतः उस की क्षमता ब्रेक हॉर्स पावर या बीएचपी में लिखी होती है। आम लोगों को भ्रम होता यह बीएचपी क्या है।

मशीन/ मोटर/ इंजन की क्षमता का पूरा उपयोग कार्य मे नही हो पाता। उसकी कुछ क्षमता की हानि पावर ट्रांसफर होने में हो जाती है। यानी मशीन वास्तविक क्षमता से कम क्षमता पर चल पाती है। यदि उस मशीन या मोटर को रोकना हो तो रोकने के लिए वही कम वाली क्षमता का प्रयोग करना पड़ेगा। यानी ब्रेक लगाने के लिए जो हॉर्स पावर लगानी पड़ेगी उतनी ही हॉर्स पावर का वास्तव में उपयोग हो पाता है। 

इसी को ब्रेक हॉर्स पावर या BHP कहते हैं।


मंगलवार, 10 मई 2022

नज़्म का पहरा

 लफ्ज़ लफ्ज़ तेरा बेचैन करता रहा रात भर,

ख़त में लिख दे इन्हें या नज़्म का पहरा कर दे।


तकाज़ा दिल का था फिर इल्जाम जुबां पे क्यों,

मौसम बंजर बहुत इन आँखों को अब झरना कर दे।


दीदारे जुनू न रहा कोई बात नही अब 'अमित',

पलकें मचलती है बस इत्ते इल्म का सौदा कर ले।


दस्तक दें जब कभी सांसें मेरी दिल पे तेरे

लबों से चूम लेना नाम मेरा इत्ता सा वादा कर ले।

एक लड़की पहाड़ों में।

 वजह क्या जो उदास करती है,

ये लड़की खुद के पास रहती है, 


आंखे बोलती है मगर लब चुप हैं,

कुछ तो है जो भीतर घात करती है।


खिलखिलाता फूल अब गुमसुम क्यो,

भवरां बन काँटों का साथ धरती है।

रविवार, 8 मई 2022

शहद सी तुम

दूरियां तो बहुत है दरमियां

पर मन तो दूर नही न।


कुछ तुम कहो कुछ हम कहे,

बातें तो कभी खत्म न हो न।


चांद वहां आसमान यहां भी,

पहलू में सिमट कभी आओ न।


सांसे लो तुम पलकें गिरें यहां,

ख्वाब में रोज़ यूं ही आओ न।


शहद सी तुम मिष्टी सी बातें

खुल कर कभी खिलखलाओ न।

रविवार, 17 अप्रैल 2022

हाउस कीपिंग के कुछ टिप्स


१.घर की धूल धक्कड़ की सफाई,झाड़ू पोछा को हमेशा हाउस कीपिंग बोलिये। पिज़्ज़ा टाइप फीलिंग आती भले ही आप चिल्ला खा रहे हों।

२.झाड़ू लगाते समय साथ मे हमेशा डस्ट पैन और डस्ट बिन रखिये। छोटे छोटे टुकड़े में झाड़ू लगाइए और तुरन्त कूड़ा उठाकर डस्ट बिन भरते चलिए। ऐसा करने से ढेरों कूड़ा एक साथ बुहारना नही पड़ेगा। सफाई ज्यादा अच्छी होगी और जल्दी होगी। एक कमरे का कूड़ा दूसरे कमरे में दखल नही दे पाएगा।

३.डस्टिंग हमेशा झाड़ू से पहले करिये जिससे डस्टिंग करने में कोई आइटम शो पीस टाइप टूट टाट कर गिर जाए तो झाड़ू बुहारने में उठ जाए।

४. पोछा वाईपर में ही कपड़ा फंसा कर लगाए। खड़े खड़े पोछा लगाना सरल होता है। बैठ कर पोछा लगाने में मोबिलिटी कम होती है।

५. पोछा लगाने में समय उतना ही खर्च कीजिये जितना कामवाली समय लगाती है नही तो सुनने को मिल सकता कि इत्ती जल्दी कैसे हो गया,कोई कमरा छूट गया क्या। 

६. पोछा लगाते समय कमरा बन्द रखिये और थोड़ी देर जमीन पर पसर कर आराम कर लीजिए। पोछा लगाने का मन न हो तो खाली फिनायल या लाइज़ोल छिड़क कर पोछ दीजिये। "खुशबू अच्छे अच्छे राज़ दबा देती है।"

७.झाड़ू पोछे के दौरान बीच बीच मे कमर पर हाथ जरूर रखिये थकान दिखाने के उद्देश्य से। पूछने पर दर्द का अभिनय जरूर कीजिये।

८. इस काम मे जोश कभी न दिखाइए न ही कभी तारीफ सुन कर मुदित होइये।

९.बॉस का फोन आये तो बोलिये , होल्ड करिये सर,अभी हाथ मे झाड़ू बाल्टी होल्ड किये है।

१०.झाड़ू पोछे का काम फिजिकल व्यायाम समझ कर करिये। साथ मे म्यूजिक चला लीजिये तो ज़िन्दगी आसान हो जाएगी।


विशेष : बर्तन मांजने का प्रस्ताव या इच्छा जाहिर की जाए उस पक्ष से तो कभी स्वीकार न करें। यह काम सबसे मुश्किल है। इस काम के लिए उनकी तारीफ करते रहिए, कोशिश कीजिये कि बर्तन कम से कम जूठे करें आप, सुखी रहेंगे।


जनहित में जारी।

सोमवार, 8 नवंबर 2021

फ़ैज़ाबाद जंक्शन

 फैज़ाबाद जंक्शन 

------------------


हमारा जन्म लखनऊ में हुआ मगर लगभग जन्म के बाद से ही सारा बचपन फैज़ाबाद जिले में कक्षा 12 तक रेलवे कॉलोनी में ही बीता।

रेलवे कॉलोनी प्रायः रेलवे स्टेशन के पास ही होती है। फैज़ाबाद की रेलवे कॉलोनी दो हिस्से में बनी हुई थी एक स्टेशन के सामने के हिस्से में और दूसरी स्टेशन के पीछे, जिसे लोको कॉलोनी कहते थे।

हम लोग लोको कॉलोनी में रहते थे। शहर जाने के लिए लोको कॉलोनी से निकल कर एक पुल पार कर जाना होता था। यह पुल रेलवे पटरियों के ऊपर से होकर दोनो कॉलोनी को जोड़ता था। पुल पर गुजरते समय नीचे तमाम डिब्बे, इंजन , गाड़ियां खड़े मिलते या शंटिंग करते रहते थे।

पुल का दूसरा छोर जहां खत्म होता था,  वही बोर्ड लगा था फैज़ाबाद जंक्शन का। इसी नाम पट को देखते देखते याद हो गया था कि फ़ और ज़ के नीचे नुक्ता लगता है। इसी के पास एक पीले रंग का बहुत बड़ा सा एल शेप का पानी भरने का घूमने वाला मोटा सा पाइप लगा था जिससे इंजन में पानी भरा जाता था। 

कोई ट्रेन आती और रुकती तो इंजन का धुआं सारे पुल को घेर कर अंधेरा कर देता था। हम लोग अक्सर तेज़ कदमो से उसी धुंए को चीरते हुए आगे बढ़ते जाते थे।

कभी कभी प्योर स्टीम निकल कर ऊपर उठती थी एकदम सफेद ,उससे होकर गुजरने पर जाड़ों में गरम गरम अच्छा भी लगता था।

चूंकि पापा रेलवे में थे तो सफर ट्रेन से झमाझम होता था। कुछ बातें हम लोग अपने आप ही समझ लेते थे , जैसे कि चलती हुई ट्रेन में अगर डिब्बे के नीचे से पटरियां निकलने लगे तो समझो कोई स्टेशन आने वाला है। जंक्शन मतलब कोई बड़ा स्टेशन होता था।

जी आई सी में पढ़ने के दौरान घर से स्कूल पटरियों के किनारे किनारे से जाना होता था। उस समय पटरियों पर दौड़ने में कम्पटीशन होता था। एक बार मालगाड़ी के डिब्बे में चढ़ते किसी ने देख लिया तो घर पर शिकायत हो गई थी फिर दो तीन दिन तक क्या क्या सूजा रहा बताना उचित नही।

स्टीम इंजन , गार्ड का डिब्बा , वैक्यूम ब्रेक, वैक्यूम वैन इन सब का भरपूर अभ्यास और विश्लेषण उसी जमाने मे कर लिया था। सिग्नल कैसे तार से खींचने से ही अप और डाउन हो जाता था बखूबी समझते थे। 

रेलवे स्टेशन पर ए एच व्हीलर से कॉमिक्स फ्री में लाकर पढ़ना एकदम आसान था गोया घर की ही दुकान हो।

अखबार में आज फैज़ाबाद जंक्शन लिखा देखकर एक अजीब सी फीलिंग हो गई आज। 

आज से इसका नाम बदल कर अयोध्या कैंट कर दिया गया। जंक्शन क्यों हटा दिया पता नही। जबकि जंक्शन अमूमन वहां लिखते है जहां दो दिशाओं के अतिरिक्त भी किसी अन्य दिशा में ट्रेन का आवागमन होता है।

फैज़ाबाद इतनी जल्दी जेहन से कैसे मिटेगा पता नही।