रविवार, 3 अप्रैल 2016

" मर के भी मुँह न तुझसे मोड़ना......... "


प्यार में जान देने की कहानियाँ बहुत हैं । फिल्में भी खूब बनी हैं । गाने तो न जाने कितने बजते रहते हैं दिन भर इन्ही भावनाओं को व्यक्त करते हुए । जब हम इन कहानियों , फिल्मों , गानों को इतना पसंद करते हैं तो वास्तव में ऐसा हो जाता है तब व्यर्थ का विलाप क्यों ।

अगर प्यार में जान देना इतना ही ख़राब / गलत है तो ऐसी फिल्मों , गानों को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए । जीवन अनमोल है ,व्यर्थ नहीं खोना चाहिए । परन्तु प्रायः जान देने वाले अपने प्रेमी या परिवार को दुःख पहुँचाने के उद्देश्य से अथवा ग्लानि के भाव से भरने के उद्देश्य से भी ऐसा कठोर कदम उठा लेते हैं ।

जान देने वाले ने किन परिस्थितियों में जान दी , कभी पता नहीं लग पाता । सच तो यह है कि वह परिस्थितियां ऐसी होती हैं कि जीवन दूभर कर देती हैं । वही परिवार , समाज जो आज मरने वाले पे विलाप / पाश्चाताप करता दिख रहा ,वही उसे जीते जी मरने से भी बदतर स्थितियां उत्पन्न कर देते हैं अपने संवादों से ।

ज्ञान देना बहुत सरल है कि मरने वाले को मरना नहीं चाहिए था , मुकाबला करना चाहिए था । अपनों से अपनी बात करना चाहिए था । सच तो यह है कि यह सब प्रयत्न करने के बाद ही आत्महत्या जैसी स्थिति की नौबत आती होगी  ।

मर के भी मुंह नहीं मोड़ेंगे , तुम्हारे प्यार में तुम्हारे बगैर जी न पाएंगे ,साथ जिए हैं साथ मरेंगे ,ऐसे संवाद जब तक कानों में पड़ते रहेंगे ,ऐसा होता रहेगा । जो घटनाएं किस्सों में अमर हैं उनके लिए नए पात्र भी ऐसे ही मिलेंगे न । जब तक ऐसी कहानियों को दृष्टांत किया जाता रहेगा , शिरीन फरहाद , सोनी माहिवाल , लैला मजनू जैसे यह चरित्र वास्तव में भी जीवित होते रहेंगे ।

घटना के बाद टिप्पणी करना अत्यन्त सरल है ।अपने आसपास समाज में झाँक कर देखिये , यह जुमला रोज़ खूब सुनने को मिलेगा कि मन करता है जान दे दें ऐसी जिंदगी से तो मौत बेहतर ।

शब्द ही प्यार दर्शाते हैं और शब्द ही ज़हर घोल देते हैं जीवन में । इतना सा समझ आ जाये तो प्यार क्या दुश्मनी में भी कोई जान न दे और न ले कभी ।

मरने वाला क्यों मरा  , किसके कारण जान दी उसने । जो जीवित है वह बखूबी जानता है परन्तु सत्य कभी उजागर नहीं होता और दोष मरने वाले पर ही मढ़ दिया जाता है कि वह स्थिति का सामना नहीं कर पाया या भावुक था या सबसे सरल बात होती है कि उसके अंदर ऐसी प्रवृति थी । दुःख होता है मरने के बाद भी मरने वाले की ही छीछालेदर होती है । 

गुरुवार, 24 मार्च 2016

" लग जा गले कि फिर ........"


प्रकृति में जीवन है ,इसे प्रतिपादित करने के लिए ईश्वर ने मनुष्य को जीवन दिया । मनुष्य के कण कण और रोम रोम में जीवन ऊर्जा प्रवाहित होती रहती है । इस ऊर्जा का संचार और इसकी मात्रा मनुष्य के हृदय से ही नियंत्रित होती है । एक प्रकार से प्रत्येक मनुष्य चलता फिरता एक ऊर्जा-स्रोत है ।

कभी कभी परिस्थितिवश किसी मनुष्य के हृदय में खिन्नता , दुःख अथवा ग्लानि उत्पन्न हो जाती है । ऐसे में उसे तत्काल एक अन्य ऊर्जा  स्रोत की आवश्यकता होती है ,जिससे वह अपने क्षय की प्रतिपूर्ति कर सके । ऐसे में यदि इस व्यक्ति को कोई अपने गले से लगा कर ढाढस बंधा देता है तो वह व्यक्ति पुनः ऊर्जा से संचरित हो कर नई उमंग से जीवन जीने को तत्पर हो जाता है । गले से लगा कर आलिंगन बद्ध कर कुछ क्षणों के लिए उस व्यक्ति को ऐसे ही अपने पाश में बांधे रखना चाहिए , इससे वह व्यक्ति तत्काल संजीवनी बूटी सा प्राप्त कर लेता है । इसी के सन्दर्भ में एक पुराना गाना है , जिसमे अभिनेत्री स्वयं उदास होने के कारण किसी के गले लगना चाहती है ।


गले लगाते ही दुखी व्यक्ति को अत्यंत सुकून और भरोसा मिलता है ,जिससे वह एक भयंकर निराशा के मकड़जाल से मुक्ति पा लेता है ।

जब दो  लोगों में परस्पर प्रेम होता है , तब इसकी अभिव्यक्ति भी गले लगा कर ही की जाती है । प्रायः प्रेम की अभिव्यक्ति करने में संकोच / विलम्ब में यह अवसर निकल जाता है और बाद में पश्चाताप होता है । जिनसे प्रेम होता है उन्हें गले लगाने में देर नहीं करनी चाहिए नहीं तो कुछ इस गाने जैसा न हो जाए ।



होली अथवा ईद पर परम्परा है ,आपस में गले मिलने की , जिसमे व्यक्ति बस औपचारिकता निभाने के लिए अनमने  भाव से सामने वाले से गले मिल लेता है । अच्छा तो तब होता है जब दोनों गले मिलने वाले लोग पूरी बाँहे खोल कर एक दूसरे को अच्छे से सीने से  भींच कर सामने वाले की पीठ पर हाथ का दबाव देते हुए गले मिले । परन्तु ऐसा नहीं होता । अब तो इन अवसरों पर गले मिलने से पहले व्यक्ति सामने वाले व्यक्ति का दर्जा , कपड़ा और स्तर देखता है और अनमने भाव से अपने से निम्न आर्थिक स्तर के व्यक्ति को अनदेखा  कर देता है । कुछ लोग तो बिना बांहे खोले ही  कंधे टकरा कर बस गले मिलने की रस्म अदायगी  कर लेते हैं ।

अब बात गले पड़ने की भी हो जाए । जब न चाहते हुए भी कोई जान पहचान  वाला या अनजान व्यक्ति अपनी समस्या सामने वाले के सिर कर दे और यह जानने की चेष्टा भी न करे कि वह व्यक्ति अपनी समस्या से कहीं सामने वाले को संकट में न डाल दे । इसी स्थिति को गले पड़ना भी कहते हैं । न चाहते हुए भी दूसरे की मुसीबत से सामना ही गले पड़ना कहलाता है ।

                       "दोगलों की भीड़ में सच्चे दो गलों से मिलना हो जाए अगर प्यार से तो जनम सफल हो जाए । "


बुधवार, 23 मार्च 2016

" वक्त के रहल पे..........."

अक्स कुछ यूँ था उनका कि उनसे रश्क हो गया,
न जाने कब उन्हीं से क्यूँ तब इश्क हो गया ।

आँखों ही आँखों में उस दिन जब इज़हार हो गया ,
सुर्ख गाल उनका खुद इश्के-इश्तिहार हो गया ।

नज़रें मिली उन शोख नज़रों से जब मेरा तो वुज़ू हो गया ,
उनसे इश्क थी इबादत मुझको इश्क अब इबादत से हो गया ।

कल ख्वाब की नींद में एक गुनाह ख्वाहिश सा हो गया ,
पलकों को उनकी चूम लबों से एक दास्ताँ लिख गया  ।

चंद अल्फ़ाज़ थे या थे कुछ हर्फ़ ,सब न जाने कहाँ खो गया ,
वक्त के रहल पे एहसास उनका एक किस्सा सजा  गया ।

रविवार, 3 जनवरी 2016

"अज्ञात ही ज्ञात है ,ज्ञात तो अज्ञात है .......|"


इतना हो ज्ञात अगर ,
कि अज्ञात क्या ,
रातें सारी जाग लीं ,
फिर सुबह क्या ,
दुश्मन भी हॅंस दिए ,
फिर दोस्त क्या ,
मिथ्या यह शरीर ,
फिर जगत क्या ,
ताकता तो है न ,
वह प्यार से ,
फिर गूढ़ क्या ,
और अवसान क्या ।

शुक्रवार, 25 दिसंबर 2015

" कुछ यूँ भी ........."

       
          बचपन में आड़ी तिरछी रेखाएं खींचते खींचते कब और कैसे अक्षर ज्ञान हो जाता है और पता भी नहीं चलता है  ,बस उसी प्रकार एक दूसरे के चेहरे की लकीरें और भंगिमाएं देखते देखते हम दोनों  के हृदय में कब कवितायेँ जन्म लेने लगी ,भान  ही नहीं हुआ । आकर्षण , विकर्षण , उपेक्षा , अपेक्षा , वीतराग ये कुछ कारक हैं जो कविताओं को प्रस्फुटित करते हैं  । समर्पण की पराकाष्ठा ही शायद उपेक्षा के बीज अंकुरित करती है , और कविता को विस्तार भी यहीं से प्राप्त होता है ।
          "प्रेम की प्रकृति" जब अनिश्चय के भाव उत्पन्न करती है तब "प्रकृति प्रेम" उपजने लगता है । यह कवितायेँ कभी परस्पर प्रेम को परिभाषित करती हैं तो कभी एकाकीपन को जीने का सम्बल बनाती दिखती हैं ।
           समुद्र के किनारे रेत का घरौंदा भी बच्चे बनाते हैं तो चाहते हैं कि कभी वह घरौंदा मिटे नहीं । अपने लेख , कवितायेँ एक पुस्तक का स्वरूप ले लें और एक कृति बन जाये ,  ऐसा कौन नहीं चाहता । परन्तु संकोच यह होता है कि इतने बड़े बड़े लेखकों और कवियों की पुस्तकों के बीच शायद हम पहचान न बना पाएं । यही संकोच हमें भी था । पर  मुकेश सिन्हा  ने इस संकोच को इस पुस्तक के रूप में बहुत सहजता से परिवर्तित कर दिया ।
           बड़ी बड़ी इमारतों के सामने छोटे छोटे घरौंदे  ज्यादा देर टिक तो नहीं पाते परन्तु जब तक आँखों के सामने रहते हैं , लुभाते बहुत हैं । आप सबको यह कवितायेँ तनिक सा लुभा पाएं , बस इतना सा ख्वाब है और यह पूरा हो जाये , बस यही ख्वाहिश है ।
           कविताओं का सृजन मन को तरल भी करता है और सरल भी । शब्द भीतर रहते हैं तो सालते रहते हैं  ,  मुक्त होते हैं  तो साहित्य बनते हैं ।
           पुस्तक के आकर्षक आवरण का पूरा श्रेय हिंदी युग्म की टीम को जाता है जिन्होंने इसे इतने सुन्दर कलेवर कलेवर में प्रस्तुत किया है । अंत में सभी मित्रों का विशेष रूप से आभार , जिन्होंने समय समय पर हम दोनों की रचनाओं को सराहा और पुस्तक के रूप में संकलित  करने को प्रेरित किया ।

                                                                                                                                        --निवेदता अमित

रविवार, 22 नवंबर 2015

"कतरन .."

किसी भी सिस्टम की एफिशिएंसी 100 प्रतिशत नहीं हो सकती । सरल भाषा में एक किलो गेहूं से एक किलो आटा नहीं बन सकता । किसी कपड़े से पोशाक सिलने के उपरांत कुछ कतरने अवश्य शेष रहती हैं । रसोई में व्यंजन बनाने में भी कुछ सामग्री निष्प्रयोज्य रह जाती है । भवन निर्माण में समस्त क्रय की गई सामग्री उसमे अर्थपूर्ण रूप में प्रयुक्त नहीं होती । अब अगर कोई इन कतरनों या अप्रयुक्त सामग्रियों को देख कर उसकी अनुपयोगिता सिद्ध करता है तो यह गलत होगा ।
इसी प्रकार मस्तिष्क में उपजे भावों को शब्द रूप देने में कुछ शब्द कतरन के तौर पर शेष रह जाते हैं । अब अगर त्रुटिवश पहले यह कतरने ही किसी के समक्ष प्रस्तुत हो जाएं तो तत्काल उसे अनुपयोगी मान निरर्थक साबित करने की चेष्टा नहीं करनी चाहिए । प्रयास होना चाहिए यह देखने का कि शब्दों की कतरने किन भावनाओं को लिपिबद्ध करने के उपरांत शेष रह गई हैं ।

शनिवार, 14 नवंबर 2015

" बचपन......"


तितलियाँ भी,
खुद अँगुलियों में ,
जहाँ कैद होना चाहे ,
वहां बचपन होता है ।
नींद में जब ,
होंठ मुस्कुराएं ,
वहां बचपन होता है ।
शब्द जहाँ स्वयं ,
तुतलाना चाहें ,
वहां बचपन होता है ।
दूसरे के दर्द से ,
जब आंसू आ जाये ,
वहां बचपन होता है ।
ईद की सिवईयाँ ,
जेब में भर जब ,
रहीम राम को खिलाये ,
वहां बचपन होता है ।

"बचपन की मियाद जितनी , खुशियों की मियाद उसकी दुगनी तिगनी । "