शनिवार, 23 नवंबर 2013

" मैगी कल्चर………"


पुराने समय में भूख लगने पर तुरत फुरत में लोग सत्तू को पानी के साथ मिला कर खा लिया करते थे । मीठा और नमकीन दोनों ही तरह से सत्तू आम /मिर्चे के अचार के साथ बहुत स्वादिष्ट और साथ में पौष्टिक भी होता था । फिर भी इसे बनाने में कुछ समय तो लगता था ।

अब छोटे बच्चों को बचपन से ही 'मैगी' खाने को मिल जाती है । यह दो मिनट से भी कम समय में बन जाती है । टी वी में दिखा दिखा कर क्या बच्चे क्या बूढ़े सभी को इसका दीवाना बना दिया है कम्पनी  ने । माओं को भी आराम है झट से बन जो जाती है यह ।

बच्चा बोला ,मम्मी मम्मी भूख लगी ,माँ बोली बस दो मिनट ,और हो गया भूख का इलाज । यहाँ तक तो सब ठीक है परन्तु इस दो मिनट की मैगी ने बड़े होने वाले समाज के मन में सब कुछ बस दो मिनट में तैयार होने की आकांक्षा पैदा कर दी । यह बहुत दुर्भागयपूर्ण है । आज समाज में सभी के मन में सब कुछ बस तुरत फुरत में हासिल करने की लालसा व्याप्त है । इसके लिए वो कुछ भी करने को तैयार हैं चाहे वह लड़के हों या लडकियां । इसी लालसा को पूरा करने के चक्कर में वे ताकतवर लोगों के हाथों अपना शोषण करा बैठते हैं ।

'शार्ट कट' / 'मैगी कल्चर' के चक्कर में ही वर्तमान समाज में  महिलाओं के शोषण की घटनाएं घटती हैं चाहे वह घटना 'ला इंटर्न' की हो , चिकित्सा क्षेत्र में 'एम एस' पास करने की हो , 'पी एच डी' पूरी करने की हो , विदेश के उच्च संस्थान में 'रिकमेंडेशन' कराने की हो , पत्रकारिता के क्षेत्र में हो या निजी कंपनियों में आउट ऑफ़ टर्न प्रोमोशन की हो । धन , वैभव ,यश ,कीर्ति सब पाने में कठोर श्रम ,लगन और समय की आवश्यकता होती है ।

बड़े होते युवक तुरंत हाथों में लेटेस्ट मोबाइल , लेटेस्ट बाइक और आठ दस क्रेडिट कार्ड जेब में रख घूमना चाहते हैं । उनके पास इसे अपने बूते हासिल करने के लिए समय नहीं है । उन्हें तो लत 'मैगी कल्चर' की पड़ गई है । जिसे पूरा करने के लिए वह बड़े से बड़ा अपराध कर डालते हैं और बंगलौर जैसी एटीएम की घटनाएं घट जाती हैं ।

इस 'मैगी कल्चर' को प्रोत्साहन देने का काम 'ई एम आई कल्चर' ने बखूबी किया है । महंगे से महंगा सामान कार /बाइक / मकान 'लोन' ले कर ले लिया ,जब किश्ते न चुका पाये तो अपराध की दुनिया में कदम पड़ जाते हैं । महिलाओं से 'चेन स्नैचिंग' की घटनाओ में पकड़े गए अनेक युवकों ने कबूल किया है कि वे यह काम अपनी 'गर्ल फ्रेंड' को 'गिफ्ट' देने या 'बाइक' की 'ई एम आई' भरने के लिए करते हैं और अमूमन ये युवक अच्छे घरों से पाये गए हैं । दूसरों के खातों से 'अकाउंट हैक' कर पैसा उड़ा लेने वाले पकड़े गए युवक तो काफी पढ़े लिखे और कम्प्यूटर के विशेषज्ञ पाये गए । आसान पैसा बनाने का एक और तरीका इन अच्छे युवकों ने निकाला है ( जो स्वयं पढ़ाई में बहुत होनहार है) ,यह लोग प्रतियोगी परीक्षाओं में दूसरे बच्चों के स्थान पर परीक्षा देते हैं , जिसके बदले इन्हे मोटी रकम मिल जाती है और पकड़े जाने पर जेल जाते हैं और अच्छा खासा अपना बना बनाया भविष्य बिगाड़ लेते हैं । इनके विषय में जानकार सहानुभूति भी होती है ।

बचपन से बच्चों के मन में यह तथ्य स्थापित किया जाना आवश्यक है कि बगैर कठोर श्रम किये कुछ भी पा लेना आसान नहीं होता । समाज में पनप रहे इस 'मैगी कल्चर' से निजात पाना बहुत आवश्यक है । 

मंगलवार, 19 नवंबर 2013

" स्माइलीज़ और उनके एक्स रे........... "


'स्माइलीज़' आकृतियों का वह पिटारा है जिसमे मानव स्वभाव के सभी मनोदशाओं को मात्र एक छोटी सी आकृति से प्रदर्शित किये जाने के सभी प्रकार की आकृतियां उपलब्ध हैं । मित्रों और प्रेमी प्रेमिकाओं में पत्रों और लघु संवादों के आदान प्रदान में सदैव से मनुष्य के चेहरे को कार्टून बना कर उपहास / परिहास किया जाने का चलन रहा है ।

'फेसबुक' पर संवाद / टिप्पणी में अल्प शब्दों में अधिक से अधिक बातें कह देने के उद्देश्य से इसका प्रयोग अचानक बहुत बढ़ गया और भिन्न भिन्न प्रकार के मनोभावों को दर्शाने के लिए अनेक प्रकार के 'स्माइलीज़' का जन्म होता गया ।

आश्चर्य होता है कि सच में इतने मनोभाव होते भी हैं कि नहीं । फिर अपना 'मूड' जानकार उससे मिलती जुलती 'स्माइलीज़' लगाना भी कठिन लगता है । 'स्माइलीज़' से जिन मनोभावों का प्रदर्शन होता है ,वह सारे ऐसे भाव हैं कि जिन्हे दूसरों के चेहरे पर पढ़ना ज्यादा सरल होता है ।

कहीं चश्मा लगा कर , कहीं आँख दबाकर , कहीं जीभ निकाल कर ,कहीं डेविल ,कहीं एन्जिल , कहीं 'किस', कहीं दिल ,इतने सारे प्रेम चिन्ह बना लिए हैं कि उनका वर्णन करना मुश्किल है । चतुर लोग 'स्माइलीज़' का जवाब 'स्माइलीज़' से ही दे लेते हैं या फिर शायद उन्हें अपनी बात कहना नहीं आता ।

यहाँ तक तो सब ठीक है पर असली समस्या तब आती है जब किसी ने 'स्माइली' बनाने का प्रयत्न किया और 'स्माइली' नहीं बन पाई । ऐसे में 'स्माइली' के स्थान पर जो आड़ी, तिरछी, वक्रीय रेखाएं बन जाती हैं वह उस 'स्माइली' का 'एक्स रे' लगती हैं जिसमें उस 'स्माइली' के जिस्म की हड्डियां दिखाई पड़ने लग जाती हैं और जिस आशय से उसे बनाया जाता है उसकी पूर्ति फिर नहीं हो पाती । यह अपूर्ण / अधूरी 'स्माइलीज़' मक्के के उन दानो जैसी लगती हैं जो 'पोपकोर्न' खाते समय कभी कभी हाथ लग जाती हैं जिन्हे हम 'टुर्रा' कहते हैं ।

हंसी-मजाक के संवाद में तो इनका प्रयोग उचित है पर संजीदा बातों में इनके प्रयोग से बचना चाहिए । यह चिड़िया / तोता / मछली बच्चों के संवाद तक ही सीमित रहे तभी बेहतर है । 'फेसबुक' पर टिप्पणियों में इन्हे सजाने से खूबसूरती तो बढ़ती है पर 'अर्थ' अपना 'अर्थ' कहीं खो बैठते हैं ।


                                                                       ....... और मुझे 'स्माइली' बनाना नहीं आता  । 

('ब्लॉग पोस्ट' पर टिप्पणियोँ  में 'स्माइलीज़' बनाने पर 'स्माइली' तो बनती नहीं ,उसका 'अस्थि पंजर' सा बन जाता है । अब उस 'अस्थि पंजर' की शक्ल किसी परिचित 'स्माइली' से मिला कर सोचो तब समझ आता है 'टिप्पणीकार' कौन सा मनोभाव दर्शाना चाहता है । )

गुरुवार, 14 नवंबर 2013

"चौदह नवम्बर ……… "



बच्चे सारे ,
सबसे न्यारे ,
लगते आँखों को प्यारे ,

हंस दें ये जब ,
खिल जाये फूल सब ,
सब फूलों से प्यारे बच्चे ,

बोली तोतली  ,
टूटी फूटी ,
पड़ जाए जो कानो में ,

नयन भरे बस हँस दे मन ,
हों जाएँ न्योछावर सब ,
अपने इन लालों पे ,

हो उम्र ,
बचपन की बड़ी ,
तभी जवानी भायेगी ,

क्लेश मिटेगा ,
दुनिया का ,
खुशहाली छा जाएगी ।

शनिवार, 9 नवंबर 2013

"ज़िन्दगी दो कश की………… "


कालेज पहुँचने के बाद जब इत्मीनान यह होना शुरू हुआ कि यहाँ की बात तो यहीं रह जाने वाली है और जो कुछ निजता मेरी है वह पूरी तरह से मेरी ही है । तब सबसे पहले तलब सिगरेट पीने की ही हुई थी । सिगरेट ने हमेशा से मेरी तरह ही सभी युवा होते बच्चों को लुभाया है । कुछ नया करने की चाहत में सबसे पहले हाथों में सिगरेट ही आती है । पहले एक संकोच सा होता है पर शुरू में इससे आत्मविश्वास बहुत बढ़ता हुआ सा 'लगता' है ।

सिगरेट की डिब्बी हाथ में लेकर उसके ऊपर की झिल्ली हटा कर डिब्बी का मुंह खोल जब दो बार ठक ठक करने पर एक सिगरेट उछल कर ऊपर आ जाती थी तब मजा ही कुछ और आता था । फिर सिगरेट को होंठों के बीच फंसा कर दुकान पर लटकती सुलगती सुतली से उसे सुलगाना और आँखे मीचते कुर्ते की जेब से अंदर ही अंदर टटोल कर दुकानदार को चिल्लर दे टहलते हुए हर सम्भव स्टाइल से सिगरेट पीने की कवायद करते हुए हॉस्टल तक पहुँच जाना आज भी साफ़ साफ़ याद है ।                                        

सिगरेट पीने का अंदाज़ ,जिसमें बस थोड़ा सा मुंह खोल कर धुँए का बादल सा बनाते हैं और जैसे ही वह बादलनुमा धुंआ बाहर जाने लगता है उसे हलके से पूरा का पूरा अंदर समेट लेते हैं, मुझे बहुत भाता था और इसे सीखने में मुझे लगभग एक माह और दस /बारह डिब्बियां लगीं होंगी।

अगला प्रयोग छल्लों का था । सिगरेट के धुएं से छल्ला बनाना भी बहुत संयम और धैर्य का काम था । 'करत करत अभ्यास ते जड़मति होत सुजान' को सही सिद्ध करते हुए हमने महारथ छल्ले बनाने में भी हासिल कर ही ली थी । हास्टल में कमरे के सामने रेलिंग पर बैठ कर अकेले जब सिगरेट सुलगती थी तब जलती सिगरेट निहारते खुद को दुनिया का सबसे बड़ा दार्शनिक समझते थे । घुप्प अँधेरे में कश खींचने पर जब सिगरेट का छोर आग से लाल हो चमक उठता था और 'चमक' आड़ी तिरछी गोल गोल घूमती हुई जैसे अपने अंदाज़ में मुस्कराते ,तेजी से होंठों की ओर बढ़ती थी तब खुद को उस क्षणिक मुस्कराहट के आगोश में लिपटा हुआ पा सुकून सा महसूस करते थे । (पर यह सिलसिला बस कालेज तक ही सीमित रहा ,क्योंकि दुनिया के बताये हुए 'सही' और 'गलत' के बीच द्वन्द करते अधिकतर हमने 'सही' का ही साथ रखा ) 

सुलगती सिगरेट और ज़िन्दगी का फलसफा एक सा है । नयापन होने पर दोनों अच्छी लगती हैं । दोनों ही समय के साथ सुलगती जाती हैं । साफ़ मालूम है कि ख़त्म दोनों होनी है फिर भी आखिरी कश तक उसे भीतर तक उतार लेने को जी करता है । 'चमक' जो दिखती है वह बस देखने में अच्छी होती है नहीं तो हवा मिलने पर 'भभक' दोनों ही जाती हैं ।

"ज़िन्दगी के कश तो तय होते हैं । इत्मीनान से कश का लुत्फ़ लिया जाय तो कश के बाद भी ज़िन्दगी का ज़िक्र होता रहता है ,नहीं तो कौन फ़िक्र करता है ज़िन्दगी के बाद । शायद यही फलसफा है 'दो कश की ज़िन्दगी' का "। 


बुधवार, 16 अक्टूबर 2013

"सॉरी "..........!!


'सॉरी' शब्द केवल एक शब्द नहीं अपितु अपने में एक सम्पूर्ण कथन हैं । यह शब्द किस भाषा का है ,यह अब महत्वहीन है ,क्योंकि यह शब्द नहीं एक 'सन्देश' है ,एक 'भावना' है ,एक 'भंगिमा' है और कभी कभी सूखे 'आंसू' हैं ।

यूँ तो प्रायः जब कोई गलती अनजाने में हो जाती है तब स्वमेव मुंह से 'सॉरी' निकल जाता है । यह छोटी छोटी बातों पर होता है ,जैसे भीड़ में किसी को पाँव लग जाए ,या किसी को आपके सामान से असुविधा हो जाए ,या आपके किसी अनजाने कृत्य से असुविधा हो जाये तब अचानक मुंह से सॉरी निकल जाता है । यह स्थिति तब की है जब अनजान दो लोगों के बीच कोई असहज स्थिति उत्पन हुई हो | परन्तु जब दो परस्पर 'निकट' के बीच अचानक स्थिति असहज हो जाती है,चाहे वह किसी के कृत्य से हुई हो या संवाद से ,ऐसे में कोई अपनी गलती सहजता से मानने को तैयार नहीं होता । ऐसी स्थिति में यह एक छोटा सा शब्द न बोले जाने के कारण स्थिति बहुत खराब हो जाती है ।

कभी कभी 'सॉरी' बोलने में बहुत समय लग जाता है ,परन्तु जितनी शीघ्र इसे कह दिया जाये नुकसान उतना कम होता है । प्रायः लोग 'सॉरी' कहने में संकोच और लघुता अनुभव करते हैं जब कि 'सॉरी' कहने वाला ही सबसे श्रेष्ठ होता है ।

बिना गलती किये और किसी और की गलती स्पष्ट रूप से दिखने पर भी 'सॉरी' बोलने वाला महानतम होता है और ऐसा वह इसलिए करता है क्योंकि वह उस असहज स्थिति से तुरंत निकलना चाहता है और उस दूसरे व्यक्ति को इतना स्नेह करता है कि उसे भावनात्मक रूप से दुखी नहीं करना चाहता ।

अपनी गलती मान लेना या अपनी गलती न होते हुए भी 'सॉरी' कहना आसान तो नहीं परन्तु जो भी ऐसा कर लेता है वह एक साथ कई दिलों को दुखी होने से बचा लेता है ।

इस पर लोगों के तर्क मिलते हैं कि अपनी गलती न होने पर नहीं मानना चाहिए ,बिलकुल उचित बात है यह । परन्तु विवाद की स्थिति में किसी सम्बन्ध को खोने से अच्छा अपनी गलती न होते हुए भी सामने वाले को ही सही ठहरा देना चाहिए । समय के साथ सारी स्थिति स्पष्ट हो जाती है और निश्चित तौर पर जो व्यक्ति गलत है ,अपनी त्रुटि का एहसास कर ही लेगा ।

जिनका हम सम्मान करते हैं या जिनको हम स्नेह करते हैं उनसे कभी गलती हो भी जाए तो क्या फर्क पड़ता है ,वे मान लें तो मान लें अन्यथा विवाद की स्थिति होने से बेहतर है कि आप ही 'सॉरी' बोलकर स्थिति संभाल लें ।

ऐसा कर के देखें अच्छा लगता है । 'प्यार' में तो यह शब्द संजीवनी बूटी का काम करता है ।कभी कभी यह एक शब्द बोलने में उम्र गुजर जाती है ।  

शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2013

" लालटेन सी ज़िन्दगी ......"


जलाता हूँ रोज़ ,
थोड़ा थोड़ा खुद को ,
रोशनी तो होती है ,
पर इर्द गिर्द ,
जमा कालिख भी होती है ,

मन मैला होता है जब ,
मांजता हूँ पोंछता हूँ ,
धीरे से बुझी बाती को बढाता हूँ ,
फिर से जलाने के लिए ,

पहले रोशनी अधिक ,
और कालिख कम थी ,
अब कालिख के आगे ,
रोशनी नम है ,

अब बाती बुझने को है ,
एक दिन भभक कर ,
रोशनी जब होगी खूब ,
ज़िन्दगी फिर तुझे ,
कालिख के नाम कर दूंगा ।

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2013

" चर्चा रोटी की ........"

                                                                                   ( यह रोटियाँ अर्चना चाव जी की हैं )

इधर कुछ दिनों पहले निवेदिता की तबियत ठीक न थी ,तब मैंने (केवल) एक दिन रोटी बनाने का सफल प्रयास किया । उसी दौरान ,लोई पर लगाए जाने वाले सूखे आटे को 'परेथन' क्यों कहते हैं , यह प्रश्न उत्पन्न हुआ । फेसबुक पर चर्चा के दौरान ज्ञात हुआ ,परेथन का सही शब्द 'परिस्तरण' हैं ।

बात आगे चल निकली ,अर्चना चाव जी ने रोटी को उचित तरीके से फुलाने के विषय में प्रश्न किया । बहुत सारे गणितीय उत्तर प्राप्त हुए ,पर कोई उत्तर उचित नहीं ठहराया गया । रोटी के आकार ,प्रकार ,गोलाई ,मोटाई के बारे में भी चर्चा हुई परन्तु कोई संतोषजनक निष्कर्ष न निकला ।

थोड़ा अनुसंधान फिर मैंने भी किया । रोटी का आकार आटे की लोई पर निर्भर करता है और लोई का आकार बनाने वाले की हथेली पर निर्भर करता है। लोई बस इतनी बड़ी हो कि हथेली के गड्ढे नुमा आकार में बैठ जाए । फिर उसे दोनों हथेलियों के बीच धीरे धीरे गोल गोल घुमाते हुए लोई को 'उड़नतश्तरी' के आकार का बना लें । अब उसके दोनों ओर सूखा आट़ा लगाए । चकले पर उस लोई को धर कर उँगलियों से हौले से दबाएँ । अब बारी आती है बेलन की , बेलन लंबा और पतला होना चाहिए । अगर बेलन की लम्बाई रोटी के व्यास से कम है तब रोटी बेलते समय कहीं मोटी और कहीं पतली हो जायेगी । चकला भी छोटा होने पर रोटी की शक्ल बिगाड़ सकता है । चकला इतना बड़ा हो कि रोटी बेल जाने के बाद भी उसकी परिधि के चारो ओर थोड़ी जगह छूटी हो । रोटी पर बहुत अधिक परेथन नहीं लगा होना चाहिए ,अन्यथा परेथन गर्म तवे के संपर्क में आते ही जल उठता है और रोटी पर काले काले दाग पड़ सकते हैं । तवे पर रोटी डालने के बाद उसे उलटते पलटते रहे ,जब चित्ती सी पड़ जाए तब उसे तवे से उतार कर गैस के बर्नर पर धीरे से सेंके । देखते ही देखते रोटी फूल कर कुप्पा हो जायेगी । जल्दी जल्दी 'दस्तपनाह' से उसे अलट पलट कर गुब्बारा ऐसा फुला लें और फिर उसे कैसेरौल में एल्युमीनियम फॉयल लगा कर रखते जाएँ । बन गई फूली फूली रोटी ।

इसमें कोई गणित ,कोई विज्ञान काम नहीं करता । बस बनाने वाले का मन होना चाहिए ,रोटियाँ बनाने का । अगर बनाने वाले ने रोटियाँ बनाते समय मुंह फुला लिया तब उस दशा में रोटियां नहीं फूलेंगी अर्थात या तो मुंह फूलेगा या रोटियाँ ।

गरीब आदमी चोकर या 'चूनी' की भी रोटी पाथ लेता है ।  महीन चाला हुआ आटा 'मैदा' कहा जाता है । चावल के आटे की रोटी 'खिरौरा' ,गेंहू की मीठी रोटी 'खबौनी' ,हाथ से पाथी रोटी 'हथपई',भौरी या उपलों की आग में पकाई रोटी 'लिट्टी','बाटी','भभरी' या 'मधुकरी' कही जाती है । घी या तेल में पकाई 'पूड़ी' ,'पूरी' ,'लचुई' या 'सोहारी' कहलाती है ।  ,बहुत मामूली घी में पकाई रोटी 'पराठा' ,'परोठा' या 'पल्टा' कहलाता है । दाल अगर अन्दर भर दी जाए तब उस को , 'दलही' या 'बेनिया' कहते हैं । पानी लगे हाथ से बिना परेथन या खुश्की के बनाई गई रोटी 'पनपथी' या 'चंदिया' कहलाती है । बेलकर तैयार की गई पतली रोटी 'फुलका' ,बिना बेले तैयार की गई पतली रोटी 'चपाती' कहलाती है । पकी रोटी को तोड़कर उसे घी में भून कर 'चूरमा' बनाते हैं ।

इस सब के अतिरिक्त मुझे तो एक समय की बासी रोटी को दूध में मसल कर खाने में बहुत आनंद और स्वाद मिलता है ।