गुरुवार, 11 जुलाई 2024

अनुलोम विलोम

 इलाहाबाद में निरंजन चौराहे पर एक ट्रैफिक कांस्टेबल हुआ करता था। उसकी खासियत यह थी कि वो चौराहे पर एक साथ सारी तरफ के ट्रैफिक को रोक देता था फिर थोड़ी देर बाद एक साथ सबको छोड़ देता था। 


फिर हैरान परेशान हो कर सबको संभालता था। यह हमने स्वयं कई बार नोटिस किया था।


अनुलोम विलोम करते समय हमसे भी यही होता है। दोनो ही नाक से एक साथ सांस भीतर जाती है और दोनो से ही एक साथ बाहर आती है। क्रम वार नही हो पाता।


सड़कें भी अगर अनुलोम विलोम करती हैं तो ट्रैफिक का स्वास्थ्य अच्छा रहता है और फिर ट्रैफिक को किसी बायपास की जरूरत नही होती।


😊

बुधवार, 10 जुलाई 2024

चोर

 चोर पर निबंध

--------------


▪️चोर देश की अर्थ व्यवस्था की रीढ़ है।


▪️चोरों के लिए तिजोरियाँ, अलमारियाँ और ताले लगाने होते हैं। जिससे इन्हें बनाने वाली कंपनियों को काम मिलता है।


▪️ चोरों की वजह से घरों की खिड़कियों पर ग्रिल लगी होती हैं, दरवाजे लगे होते हैं, दरवाजे बंद होते हैं, इतना ही नहीं बल्कि बाहर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त दरवाजे भी होते हैं। कितने लोगों को काम मिलता है।


▪️ चोरों के कारण मकानों, दुकानों और सोसायटी के चारों ओर एक परिसर बनाया जाता है, गेट होता है, गेट पर चौकीदार 24 घंटे रहता है और चौकीदार के लिए एक वर्दी भी होती है। कितने लोगों को काम मिलता है।


▪️ चोरों की वजह से न सिर्फ सीसी टीवी, मेटल डिटेक्टर बल्कि साइबर सेल भी होते हैं।


▪️ चोरों के कारण पुलिस है, पुलिस चौकी है, पुलिस थाने हैं, गश्ती गाड़ियाँ हैं, डंडे हैं, राइफलें हैं, रिवाल्वर हैं और गोलियाँ भी हैं। कितने लोगों को काम मिलता है।


▪️ चोरों के कारण ही अदालतें हैं, अदालतों में जज, वकील, क्लर्क और जमानतदार हैं। कितने लोगों को काम मिलता है।


▪️ चोरों के कारण जेलें हैं, जेलर हैं, जेलों के लिए पुलिस भी है। कितने लोगों को काम मिलता है।


▪️ मोबाइल, लैपटॉप, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, साइकिल, वाहन जैसी कई उपयोग में आने वाली चीजें चोरी हो जाती हैं तो लोग नई खरीद लेते हैं, इस खरीद फरोख्त से देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलती है और कितने लोगों को काम मिलता है।


▪️ उच्च मान्यता प्राप्त और‌ नाम वाला यदि कोई चोर होता है तो देश विदेश की मीडिया की भी रोजी रोटी चलती है।


▪️ चोर ही सारे सरकारी सिस्टम की रीढ़ हैं और समाज के लोगों की रोजी रोटी का साधन भी है.